



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 19 अगस्त 2026/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा, महासमुंद में महान संत, कवि एवं रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की CCA समिति द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके साहित्यिक योगदान और भारतीय संस्कृति में उनके महत्वपूर्ण स्थान के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने तुलसीदास जी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर भाषण प्रस्तुत किए। वहीं रामचरितमानस के विभिन्न दोहों का भावपूर्ण पाठ भी किया गया। दोहों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भक्ति, नैतिकता, सदाचार और जीवन-मूल्यों का संदेश प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन एवं साहित्य से परिचित कराना तथा उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय साहित्य एवं संस्कृति के प्रति रुचि जागृत करने के साथ ही महान संत-कवियों के जीवन से जुड़े मूल्यों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में CCA समिति, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

