



न्यूज मंच /महासमुंद/ जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 36वें दिन भी जारी है। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे पटवारी आय, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व कार्यों से दूर हैं। इससे आम लोगों के राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ ने पटवारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए मंगलवार को एक दिवसीय अवकाश लेकर हड़ताल में सहभागिता की।
पटवारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे पटवारियों के समर्थन में पहुंचे राजस्व निरीक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से गंभीरता से विचार करने की अपील की। संघ के जिलाध्यक्ष दौलत ठाकुर ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर राजस्व निरीक्षक एक दिवसीय अवकाश लेकर पटवारियों को समर्थन देने पहुंचे हैं।
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 36 दिनों से आंदोलन
पटवारी संघ पीवी ऐप की व्यवहारिक और तकनीकी समस्याओं का निराकरण, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। पटवारियों का कहना है कि पीवी ऐप में कई तकनीकी और व्यवहारिक दिक्कतें हैं, जिनके समाधान की मांग लगातार की जा रही है। इसके बावजूद समस्याओं का निराकरण करने के बजाय ऐप से संबंधित कार्यों को लेकर पटवारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
पांच पटवारी निलंबित, 55 को ब्रेक इन सर्विस
इधर, आंदोलन के बीच प्रशासनिक कार्रवाई भी जारी है। पटवारी संघ के अनुसार जिले में कुल 242 पटवारी कार्यरत हैं। इनमें से अब तक पांच पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है,जबकि 55 पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस किया गया है। इसके बावजूद पटवारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। हड़ताल के चलते राजस्व से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

