


न्यूज मंच डेस्क/ महासमुंद/ जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर महासमुंद के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 102 बल्क लीटर अवैध शराब और 400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पहली कार्रवाई महासमुंद वृत्त अंतर्गत लभरा गांव में की गई। आबकारी उपनिरीक्षक विकास बढ़ेंद्र के नेतृत्व में टीम ने आरोपी रोशन माँझी (पिता- गौवलाल माँझी) के कब्जे से 50 नग शोले मसाला और 50 नग रोमियो प्लेन ब्रांड की कुल 18 लीटर देशी शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक संजय तिवारी सहित विभागीय कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दूसरी कार्रवाई जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने सांकरा थाना क्षेत्र के भैसानाला भोजपुरी जंगल में की। यहां आरोपी बेनुधर बिसाल (पिता- बिहारी बिसाल) के कब्जे से 84 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और 400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार झारिया ने किया, जबकि आबकारी आरक्षक सैयद इरफान अली सहित जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम कार्रवाई में शामिल रही। जिला आबकारी अधिकारी अजय पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

