


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस महासमुंद के जिलाध्यक्ष मानिक साहू ने जिले में लगातार बढ़ रही कृषि उपकरणों, बोरवेल के केबल तार, मोटर पंप एवं फसलों की चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की मेहनत और आजीविका पर अपराधी लगातार हमला कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मानिक साहू ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हाल ही में ग्राम खड़ीडीह सहित जिले के कई गांवों में बोरवेल के केबल तार, सिंचाई उपकरणों और कृषि संसाधनों की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं के कारण किसानों के सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो रही है।उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की कि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाए तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान पहले से ही महंगाई, खाद-बीज की समस्या और खेती की बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं। ऐसे में कृषि उपकरणों और फसलों की चोरी किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रही है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने तथा उनके नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की। मानिक साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान कांग्रेस किसानों के साथ जिलेभर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

