


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ढांक टोल प्लाजा में औरंग टोल वे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक दिवसीय विशेष फायर एंड सेफ्टी ट्रेनिंग शिविर का आयोजन किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में टोल प्लाजा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आगजनी एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सीखे।प्रशिक्षण शिविर का संचालन जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रायते के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में नीलकंठ चंद्राकर ने कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उनके साथ प्रधान आरक्षक जयपाल सिंह, सैनिक नीलकंठ चंद्राकर, नारायण कोसरे, पंकज दीवान, वाहन चालक फकीर सोनी तथा सैनिक डे कुमार भी उपस्थित रहे। टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से मैनेजर पवन प्रशांत सिंह एवं सेफ्टी एक्सपर्ट उमा शंकर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली और कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन दल ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, फायर सेफ्टी उपकरणों के सही उपयोग, आग पर नियंत्रण पाने की तकनीक तथा आपातकालीन बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।इस अवसर पर टोल मैनेजर पवन प्रशांत सिंह और सेफ्टी एक्सपर्ट उमा शंकर ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौबीसों घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में किसी भी दुर्घटना या आगजनी की घटना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कर्मचारियों का प्रशिक्षित एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन की क्षमता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।

