


न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 2 अगस्त 2026/ जिला पंचायत सभागार महासमुंद में “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने सुना। इसके बाद सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद तथा माय भारत, समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल और प्रतिभा से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 100 दिनों तक चलने वाला जन-जागरूकता अभियान है। भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में लगाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा करने तथा संत गुरु घासीदास के बताए नशामुक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया तथा सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

