


न्यूज मंच डेस्क मंच / महासमुंद/ पुलिस को जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।आरोपी घर निर्माण वाले मकानों की रेकी कर वहां चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाता था जहां घर निर्माण का कार्य चल रहा हो और बाहर ईंट-गिट्टी जमा हो। आरोपी खासतौर पर उन घरों में प्रवेश करता था जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद रहते थे। वह कम कीमत में छड़-सीमेंट दिलाने का झांसा देकर घर में घुसता और मौका मिलते ही आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर ने 27 अप्रैल 2026 को थाना तेंदुकोना में घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जिले में एक ही तरह की चोरी की घटनाएं सामने आने पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने कोमाखान, सांकरा, तेंदुकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी के जेवरात विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेचना भी कबूल किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जेवलर्स से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं अन्य ज्वेलरी दुकानों से भी संपत्ति बरामद करने की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद निवासी चंदली थाना चंदरपुर जिला सक्ती का रहने वाला है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी दुर्ग, धमतरी, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में न्यायिक रिमांड के दौरान इलाज के बहाने जिला अस्पताल जांजगीर-चांपा से फरार हो गया था और पंजाब भाग गया था। वहां से लौटने के बाद उसने महासमुंद जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया।
बरामद संपत्ति
163.310 ग्राम सोने के आभूषण – कीमत 25,52,200 रुपये
2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण – कीमत 6,41,700 रुपये
एक मोटरसाइकिल – कीमत 30 हजार रुपये
एक मोबाइल फोन – कीमत 15 हजार रुपये
पुलिस ने कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

