



न्यूज मंच /महासमुंद/ छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महासमुंद विधायक , जिला पंचायत अध्यक्ष, बीज विकास निगम अध्यक्ष, शाकंभरी बोर्ड अध्यक्ष, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर , जिला पंचायत सीईओ एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी निर्णय से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य की पहचान मिली। उन्होंने बताया कि आगामी 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। साथ ही सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर जिलेवासियों को बधाई दी।
कलेक्टर ने गिनाईं जिले की उपलब्धियां
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना से जिले की लगभग 3 लाख 8 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। लखपति दीदी अभियान में निर्धारित लक्ष्य 22,546 के मुकाबले 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 1 लाख 17 हजार 866 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 5,400 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।उन्होंने बताया कि मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत लगभग 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन की क्षमता विकसित की गई है। जिले में 204 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत हुए हैं। बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज और महासमुंद मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा 6.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड तथा 3 करोड़ रुपये की लागत से नए नगरपालिका भवन निर्माण की योजना है। उन्होंने सिरपुर को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल होना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
16 विभागों ने लगाई प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
राज्योत्सव में 16 विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन एवं जनसंपर्क सहित अन्य विभाग शामिल रहे। वहीं स्थानीय स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

