20260810 19284320260810 192843

IMG 20250131 WA0001

IMG 20250718 WA0002

IMG 20250717 WA0000

न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक हथियारबंद अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कार्रवाई में बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये है।

संदिग्ध कार को रोककर की गई तलाशी

पुलिस के मुताबिक 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार के पीछे पीली टी.सी. प्लेट MP07/C0011/TC लगी हुई थी। कार में चार लोग सवार थे। पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड/सीट के पास से एक .315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा कार में रखे एक बैग से 3 लाख 25 हजार रुपये नगद मिले। आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी में चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गांजा खरीदने ओडिशा जाने की बात आई सामने

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे सभी ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के लिए गए थे। पुलिस के अनुसार, रास्ते में किसी तरह की बाधा आने या पुलिस से सामना होने की स्थिति से निपटने के लिए उनके पास अवैध हथियार था। गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं हो पाने के कारण आरोपी बिना गांजा लिए 3.25 लाख रुपये की नगदी लेकर वापस लौट रहे थे।
पुख्ता जानकारी और बरामद साक्ष्यों के आधार पर बसना पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि त्वरित कार्रवाई के चलते गिरोह के कथित मंसूबों को समय रहते नाकाम किया गया।

मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में उमाशंकर शर्मा (41 वर्ष), निवासी भिंड, मध्यप्रदेश, आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27 वर्ष), निवासी भिंड, मध्यप्रदेश, शिवम शर्मा (26 वर्ष), निवासी भिंड, मध्यप्रदेश और शनि सिंग उर्फ संदीप (32 वर्ष), निवासी आगरा, उत्तरप्रदेश शामिल हैं।

19.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

बसना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 25 हजार रुपये नगद, .315 बोर का एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, करीब 15 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार और करीब 1 लाख रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 19 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)