



न्यूज मंच/महासमुंद/ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ANTF और थाना पटेवा पुलिस की संयुक्त टीम ने 88 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।जब्त गांजे की कीमत 44 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, पायलेटिंग कर रही स्विफ्ट डिजायर कार, नगदी और मोबाइल सहित कुल 53 लाख 73 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।पुलिस के अनुसार, थाना पटेवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MH-46 X-5682 और सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MH-21 BH-9873 में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने एनएच-53 स्थित थाना पटेवा के सामने नाकेबंदी की। पहले पहुंची स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पीछे से पहुंची पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक बोरियों में 88 किलो गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने गांजा परिवहन कर रहे सिद्धार्थ दानडे (37), सचिन मदन सोनवानी (34) और बद्रीनाथ प्रहलाद राव खुरमुटे (42) तथा पायलेटिंग कार में सवार शंकर तुकाराम डिगे (40), विशाल संतोष खाडे (24) और दीपक खर्से (25), सभी निवासी महाराष्ट्र, को गिरफ्तार किया है।जब्त संपत्ति में 44 लाख रुपये का 88 किलो गांजा, 5 लाख रुपये की पिकअप, 4 लाख रुपये की स्विफ्ट डिजायर कार, 28,600 रुपये नगद और 45 हजार रुपये के 7 मोबाइल शामिल हैं। कुल जब्ती 53,73,600 रुपये की है।आरोपियों के खिलाफ थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 29(1) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के बरगढ़ जिले के कटामाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र में खपाने जा रहे थे। मामले में गांजे के स्रोत से लेकर उसके अंतिम गंतव्य तक जुड़े लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के तहत जांच जारी है।

