



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ 22 अगस्त 2026/ उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने महासमुंद प्रवास के दौरान जिलेवासियों को करीब 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। लोहिया चौक में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने नए बस स्टैंड को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए 6.50 करोड़ रुपये तथा नए नगरीय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की दशा और दिशा बदलने का कार्य किया है। महासमुंद प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है और आने वाले समय में यह प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपना नाम रोशन करेगा।
उन्होंने महासमुंद को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर-1 शहर बनाने का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों से कहा कि सभी मिलकर संकल्प लें कि यह शहर हमारा है, यहां का मान-सम्मान हमारा सम्मान और शहर का गौरव हमारा गौरव है।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क और अधोसंरचना विकास को तेजी दी जा रही है तथा महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
साहू सदन के पास 25.07 लाख रुपये की लागत से डोम शेड निर्माण, 240.67 लाख रुपये की लागत से सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना एवं उन्नयन, 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से 58.22 लाख रुपये के पेवर ब्लॉक, सीसी रोड, आरसीसी नाली एवं ट्यूबलर पोल के कार्य तथा अधोसंरचना मद से 127.85 लाख रुपये के 15 विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा महासमुंद क्षेत्र में 1275.62 लाख रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण एवं संचालन-संधारण का कार्य किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 29 एवं 11 में 440.98 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय जलागार एवं अन्य निर्माण कार्य होंगे। सड़क अधोसंरचना के तहत नयापारा-अछरीडीह मार्ग के 1.20 किलोमीटर निर्माण के लिए 164.90 लाख रुपये, लहंगर से पीढ़ी मार्ग के 3 किलोमीटर निर्माण के लिए 466.19 लाख रुपये तथा कौंदकेरा से बनसिवनी मार्ग के 3 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 360.17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा , नगरपालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू , पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विभागीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति परखी
इसके बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन तथा खेलकूद एवं कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्वीकृत सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जून 2027 तक सभी ग्राम पंचायतों में हर घर जल का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंद पड़े ट्यूबवेल को चालू करने तथा ग्राम पंचायतों को पेयजल योजनाओं के संचालन के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाने को कहा।नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा में उन्होंने नगरीय निकायों को अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना बनाकर विकसित करने, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी, प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता तथा राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।खेलकूद विभाग की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर गांव में खेल का मैदान हो और हर स्कूल से खिलाड़ी निकलें। प्राथमिक स्तर से ही बच्चों को खेलों से जोड़कर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जाए।
महारुद्राभिषेक में भी शामिल हुए उपमुख्यमंत्री
महासमुंद प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशाल मेगा मार्ट परिसर में श्रावण मास के अवसर पर एक माह से आयोजित महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर हवन-पूजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए प्रदेश में निरंतर विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की।

