


04 अप्रैल 2026/ महासमुंद/ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तस्कर उड़ीसा के फुलवानी जिले से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे में खपाने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने NH-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों—एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो—को रोका। जांच के दौरान दोनों वाहनों से बोरी में भरा गांजा बरामद हुआ। फॉर्च्यूनर में तीन और स्कॉर्पियो में दो आरोपी सवार थे ।
जब्त संपत्ति:
281.900 किलोग्राम गांजा (कीमत 1,40,95,000 रुपये)
फॉर्च्यूनर कार (कीमत 40 लाख रुपये)
स्कॉर्पियो कार (कीमत 25 लाख रुपये)
4 मोबाइल फोन (कीमत 50 हजार रुपये)
कुल मिलाकर 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी पांच आरोपियों—प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर—को गिरफ्तार किया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) ,(दो), (ग), 29 (1)के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें सप्लाई चेन, सोर्स और डेस्टिनेशन नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

