


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद जिले में बीती रात तेज अंधड़, हल्की बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी नुकसान पहुंचाया।बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम बाघामुडा में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरैल मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।जानकारी के अनुसार ग्राम बाघामुडा निवासी प्रज्ञानंद देवागन के खपरैल मकान पर देर रात करीब 4 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सीट कवर का सामान और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित परिवार के अनुसार
आगजनी में लगभग 50 हजार से 1 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। पीड़ित प्रज्ञानंद देवागन ने बताया कि परिवार के सदस्य पास के पक्के मकान में सो रहे थे, तभी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और खपरैल मकान में आग लग गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गयी।
वहीं ग्राम बाघामुडा के सरपंच एडिसन विजय ठाकुर ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
कोमाखान तहसीलदार मनीषा देवागन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद हल्का पटवारी को नुकसान का आकलन करने भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन स्तर पर क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दूसरी घटना पिरदा गांव में भी सामने आई, जहां खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

