



न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति जागरूकता, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए मटकी फोड़ और रस्साकशी जैसी मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खेल शिक्षक दुर्गेश कनौजे ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित संचालन किया। खेल गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली।विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया।कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में छात्र संघ के विद्यार्थियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदारी से सभी गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।विद्यालय परिवार ने कहा कि भारतीय त्योहारों को खेल गतिविधियों से जोड़ने से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

