



न्यूज मंच
महासमुंद/27 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर को पवित्र धाम के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को गढ़फुलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुनानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और शबद कीर्तन में सहभागिता की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गढ़फुलझर को आने वाले समय में पवित्र धाम के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव और सौभाग्य की बात है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था। उस समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। इसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए गढ़फुलझर का विकास किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्वसमाज के लिए ऐसा पवित्र धाम विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा।
गुरु नानक देव जी का संदेश मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिख समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी और परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।उन्होंने कहा कि सिख समाज की लंगर परंपरा इन आदर्शों का जीवंत उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता, बल्कि सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को मजबूत करती है।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने गढ़फुलझर और नानकसागर के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नानकसागर के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकसागर अपनी पहचान और प्रसिद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है। इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं सर्वसमाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





