


न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद/ रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महासमुंद जिले से देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संदेश भेजा जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों, स्कूली छात्राओं, महिला स्व-सहायता समूहों तथा आम महिलाओं ने सैनिक भाइयों के लिए 31 हजार से अधिक राखियां और शुभकामना संदेश भेजे हैं।
जिले में रक्षाबंधन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत महिलाओं ने बाजार से खरीदी गई राखियों के साथ-साथ अपने हाथों से तैयार की गई राखियां भी सैनिकों के लिए भेजी हैं। राखियों के साथ देशभक्ति और स्नेह से भरे पत्र भी भेजे गए हैं, ताकि सीमाओं पर तैनात जवानों तक बहनों का प्यार और सम्मान पहुंच सके। राखी भेजने वाली महिलाओं का कहना है कि देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात सैनिक भी उनके भाई हैं। उनका विश्वास है कि जब जवानों की कलाई पर ये राखियां बंधेंगी, तब उन्हें अपने परिवार और पूरे देश के स्नेह का एहसास होगा और उनका मनोबल और अधिक मजबूत होगा।
जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मातृशक्ति और समाज को राष्ट्र सेवा की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र अब केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के सशक्त केंद्र के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर महासमुंद की हजारों बहनों की यह पहल न केवल सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश भी दे रही है।

