



न्यूज मंच /महासमुंद/ जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के कोमाखान सर्किल अंतर्गत कारीडोंगर जंगल में लकड़ी बीनने गए एक युवक पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। युवक के साथ मौजूद दो महिलाओं के शोर मचाने और युवक द्वारा कुल्हाड़ी घुमाने के बाद तेंदुआ मौके से भाग गया। हमले में युवक की बांह और कंधे पर नाखून के निशान आए हैं।मिली जानकारी के अनुसार पंडरीपानी निवासी लक्ष्मी चंद यादव (34) दो महिलाओं के साथ कारीडोंगर जंगल के कक्ष क्रमांक 109 में लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान पीछे से अचानक आए तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से घबराई महिलाओं ने शोर मचाया। युवक ने भी बचाव के लिए अपने हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी घुमाई, जिसके बाद तेंदुआ वहां से जंगल की ओर भाग गया। हमले में लक्ष्मी चंद यादव की बांह और कंधे पर नाखून के निशान से चोट आई है। घटना के बाद दोनों महिलाओं ने आनन-फानन में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी ली। विभाग की ओर से घायल युवक को तत्काल एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने ग्रामीणों को वन क्षेत्र में अकेले प्रवेश नहीं करने और जंगल में जाने से पहले सतर्क रहने की सलाह दी है।

