


04 अप्रैल 2026/ महासमुंद/ जिले में संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक पदाधिकारी पर बड़ी कार्रवाई की है। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने अनुशासनहीनता के आरोप में विजय साव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार की। जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में विजय साव द्वारा मारपीट, तोड़फोड़ और गंभीर अनुशासनहीनता की घटना सामने आई थी। पार्टी के अनुसार यह कृत्य संगठन की विचारधारा और मर्यादाओं के विपरीत है, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है। मामले में संबंधित पदाधिकारी को स्पष्टीकरण देने का अवसर भी दिया गया, लेकिन तय समय में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद सभी तथ्यों और शिकायतों पर विचार करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने यह निर्णय लिया कि विजय साव को तत्काल प्रभाव से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाए। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि निष्कासन अवधि के दौरान संबंधित व्यक्ति किसी भी पद, मंच या गतिविधि में भाग लेने के लिए अधिकृत नहीं होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने दोहराया कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

