




न्यूज मंच डेस्क / 27 अप्रैल 2026/ महासमुंद जिले में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर 24 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। जिलेभर में आयोजित इन सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को आगामी जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। इसी क्रम में ग्राम अचरीडीह में आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्रामीण जनगणना चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार जुगल किशोर पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जनगणना 2027 की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।तहसीलदार ने बताया कि इस बार जनगणना को अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल जनगणना और स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रणाली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक और प्रभावी बनेगी।उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना 2027 का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिक से अधिक लोगों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम से जोड़ें।ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया और सरकार की इस पहल का स्वागत किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 में जिले का प्रत्येक नागरिक शामिल हो तथा सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सके।

