



न्यूज मंच /महासमुंद/ 13 अक्टूबर 2026/ आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस 2026 के अवसर पर महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में अग्निशमन एवं यातायात विभाग की टीमों ने विद्यार्थियों को आग से बचाव, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग, डिजास्टर हंट रेडी चैलेंज और स्पीच प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सुश्री वसुंधरा साहू के मार्गदर्शन में MY Bharat स्वयंसेवक ग्रंथ चोपड़ा के नेतृत्व में किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति अपनी समझ और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।अग्निशमन दल ने बताए आग से बचाव के उपाय
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्नि सुरक्षा के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी। टीम ने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता बरतना, सुरक्षित स्थान पर पहुंचना और संबंधित आपातकालीन सेवाओं की सहायता लेना आवश्यक है।प्रशिक्षण देने वाली टीम में हवलदार जमपाल सिंह, युधिष्ठिर बरेठ, सुधराम बरेठ, चंद्रेश्वर साहू, गणेश राम और चालक महेंद्र सोनी शामिल रहे।
यातायात विभाग ने किया सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक
यातायात विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को हेलमेट के उपयोग, सड़क पर सतर्कता बरतने और सुरक्षित आवागमन के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक मनीष भंडारिया, आरक्षक महेंद्र दिवान और आरक्षक जयप्रकाश ने विद्यार्थियों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। दोनों विभागों के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सुरक्षा के नियमों का पालन करने की प्रेरणा मिली।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में राधिका यादव प्रथम
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर की कु. राधिका यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। देव संस्कृति स्कूल की कु. तृप्ति साहू द्वितीय और गुड शेफर्ड की कु. भारती ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं।
डिजास्टर हंट रेडी चैलेंज में देव संस्कृति स्कूल की टीम अव्वल
डिजास्टर हंट रेडी चैलेंज में देव संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में कु. यशु साहू, कु. पल्लवी यादव, कु. गीतांजलि निर्मलकर, कु. जानवी साहू, कु. छाया चंद्राकर, कु. वासिका चंद्राकर, कु. हिमानी साहू और कु. सिद्धि नायक शामिल रहीं। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने टीमवर्क, सतर्कता, समस्या समाधान और आपदा संबंधी परिस्थितियों को समझने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
स्पीच प्रतियोगिता में वाणी यादव ने हासिल किया प्रथम स्थान
स्पीच प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और जनजागरूकता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। महर्षि विद्या मंदिर की कु. वाणी यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुड शेफर्ड स्कूल की कु. ताइबा फातिमा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कु. जानिया चतुर्वेदी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत करने और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का अवसर मिला।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में एम.एस. राव, प्राचार्य, आर.के. तिवारी और कुबेर गिरी गोस्वामी सहित संबंधित विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षा, सतर्कता और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में MY Bharat स्वयंसेवकों गजेंद्र चक्रधारी, लक्ष यादव, हिमेश साहू, राहुल साहू, रेवती रमन, सुधीर यादव, अनन्या चंद्राकर और मनुज आदित्य ने सक्रिय योगदान दिया।
सुरक्षित समाज के निर्माण का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। समय पर सही निर्णय लेना, सुरक्षा नियमों का पालन करना और आपातकालीन परिस्थितियों में सामूहिक सहयोग करना दुर्घटनाओं एवं जोखिमों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली जिला युवा अधिकारी सुश्री वसुंधरा साहू, विद्यालय परिवार, अग्निशमन दल, यातायात विभाग, अतिथियों और MY Bharat स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ हुआ।

