



न्यूज मंच /महासमुंद/ जिले में अवैध सूदखोरी और सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर धोखाधड़ी करने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बसना और सांकरा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक पासबुक, ब्लैंक चेक, स्टांप पेपर, गिरवी रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है।
बसना पुलिस ने रायपुर में दी दबिश, 160 ब्लैंक चेक समेत कई दस्तावेज जब्त
पहले मामले में बसना पुलिस ने अवैध सूदखोरी, भयादोहन और जबरन वसूली के आरोप में कुलदीप सिंह छाबड़ा के रायपुर स्थित मोवा के डॉल्फिन प्लाजा फ्लैट में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न लोगों के हस्ताक्षरयुक्त 160 ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 9 ऋण पुस्तिकाएं एवं जमीन से संबंधित दस्तावेज, 24 बैंक पासबुक, 27 एटीएम और डेबिट-क्रेडिट कार्ड, ब्याज के लेन-देन से संबंधित डायरियां तथा एक लाख 20 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक पीड़ित को 42 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि मूलधन से अधिक रकम वसूलने के बाद भी उसके चेक वापस नहीं किए गए और चेक के माध्यम से धमकी देकर भयादोहन किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 150 पीड़ितों से लगभग 3 करोड़ रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है।
सांकरा में ज्वेलर्स संचालक पर धोखाधड़ी का आरोप, गिरवी के 20 रजिस्टर जब्त
वहीं, दूसरी कार्रवाई सांकरा थाना क्षेत्र में की गई है। यहां श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल के खिलाफ गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखकर वापस नहीं करने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।जांच के दौरान पुलिस ने गिरवी रखे गए आभूषणों का हिसाब दर्ज 20 रजिस्टर, 7 कॉपियां, गिरवी रखने की रसीदें, मोबाइल फोन तथा साहूकार लाइसेंस और पंजीयन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस इस मामले में गिरवी रखे गए आभूषणों और लेन-देन का पूरा हिसाब खंगाल रही है।
दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी
महासमुंद एसपी प्रभात कुमार के मुताबिक, बसना के मामले में प्रारंभिक तौर पर करीब 150 पीड़ितों और लगभग 3 करोड़ रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। वहीं सांकरा के मामले में भी दस्तावेजों की जांच कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है। पुलिस दोनों मामलों में अन्य पीड़ितों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

