IMG 20261017 WA0000(1)IMG 20261017 WA0000(1)

IMG 20250718 WA0002

1000120475

1000120474

IMG 20250717 WA0000

न्यूज मंच /महासमुंद/ स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद भी अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। महासमुंद और गरियाबंद जिले में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 195 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। इनमें 78 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए। इनमें महासमुंद जिले के 69 और गरियाबंद जिले के 9 मामले शामिल हैं।छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के महासमुंद वृत्त द्वारा यह अभियान स्मार्ट मीटर के माध्यम से रिमोट से पहले ही बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए जा चुके बकायादार उपभोक्ताओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए चलाया गया। जांच में सामने आया कि कुछ उपभोक्ता बिजली कनेक्शन कटने के बाद भी बाईपास कनेक्शन और एलटी लाइन से हुकिंग कर बिजली का उपयोग कर रहे थे।

27 टीमों ने की 195 कनेक्शनों की जांच

महासमुंद वृत्त के अंतर्गत महासमुंद, पिथौरा, सरायपाली और गरियाबंद संभागों में 27 टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान उन 195 कनेक्शनों की जांच की गई, जिनकी बिजली आपूर्ति 15 दिन से अधिक समय पहले विच्छेदित की गई थी। जांच में 78 उपभोक्ता अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विद्युत विभाग अब संबंधित मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। इसके अंतर्गत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने और प्रकरणों को सक्षम विशेष न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।इसके साथ ही नियमानुसार देय विद्युत राशि की गणना और वसूली भी की जाएगी।

बिजली काटने से पहले मोबाइल पर भेजा जा रहा संदेश

विद्युत विभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली कनेक्शन विच्छेदित करने से पहले मोबाइल पर संदेश भेजकर बकाया बिल जमा करने की सूचना दी जा रही है। विभाग के अनुसार, इसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। कई उपभोक्ता संदेश मिलने के बाद बकाया बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, जिससे उनका कनेक्शन कटने से बच रहा है।हालांकि, सूचना के बावजूद बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर का कनेक्शन रिमोट के माध्यम से विच्छेदित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कनेक्शन कटने के बाद बाईपास या हुकिंग के जरिए बिजली का उपयोग करना गंभीर मामला है और ऐसे उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक दिन में 2,559 स्मार्ट मीटर कनेक्शन काटे गे

महासमुंद वृत्त में बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 2,559 स्मार्ट मीटर कनेक्शनों को रिमोट के माध्यम से विच्छेदित किया गया।विभाग आगामी माह में इन कनेक्शनों की वास्तविक स्थिति की दोबारा जांच करेगा।यदि जांच के दौरान कोई उपभोक्ता बिजली आपूर्ति विच्छेदित होने के बाद भी बाईपास कनेक्शन या हुकिंग के जरिए बिजली का अनधिकृत उपयोग करते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर से विच्छेदित कनेक्शनों की नियमित निगरानी और जांच का अभियान 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगा।

समाधान योजना का लाभ लेने की अपील

विद्युत विभाग ने महासमुंद और गरियाबंद जिले के घरेलू, कृषि पंप और बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं से छत्तीसगढ़ शासन की समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की है। विभाग ने पात्र उपभोक्ताओं से योजना के तहत उपलब्ध लाभों का उपयोग करने और बकाया बिजली बिल का भुगतान करने का आग्रह किया है। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग पर रोक लगाना, विद्युत राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना तथा पात्र उपभोक्ताओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है। साथ ही, उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें और केवल वैध विद्युत कनेक्शन से ही बिजली का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)