



न्यूज मंच
महासमुंद/26 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पलसापाली नाका पर बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में चांदी जैसे आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, सिल्लियां और नकदी बरामद की है। पुलिस ने कुल 52 किलो 528 ग्राम वजन के चांदी के सामान की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताई गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिले के सीमावर्ती नाकों और चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इसी दौरान 26 नवंबर को थाना बसना पुलिस की टीम अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पलसापाली नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23Q 9222 को रोककर तलाशी ली गई।कार में दो व्यक्ति सवार थे।
छह बैगों में मिले चांदी के आभूषण और सिल्लियां
वाहन की डिक्की और सीट पर रखे छह काले रंग के बैगों की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के डिब्बों में रखे विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनमें पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।इसके अलावा चांदी जैसे बर्तन, मूर्तियां और छह नग चांदी जैसी सिल्लियां भी मिलीं। इन सभी का कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है।पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये आंकी है। बैगों से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद किए गे।
दस्तावेज नहीं दिखा सके वाहन सवार
पुलिस के अनुसार, मौके पर दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी के सामान और नकदी के वैध स्वामित्व, क्रय-विक्रय के पक्के जीएसटी बिल, ई-वे बिल तथा परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए। लेकिन दोनों व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए।इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध संपत्ति होने के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, सिल्लियां, नकदी और परिवहन में प्रयुक्त कार को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों ने लिखित में कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी। मामले की सूचना आयुक्त, जीएसटी विभाग छत्तीसगढ़ को भी भेजी गई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
1.03 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति का विवरण इस प्रकार है—
चांदी जैसे आभूषण, बर्तन, मूर्तियां एवं छह सिल्लियां: कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम, अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये।
नकद रकम: 3 लाख 39 हजार 800 रुपये।
मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23Q 9222: अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये।
कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये है।
पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय सीमा पर अवैध परिवहन और संदिग्ध संपत्तियों की आवाजाही पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।




