


न्यूज मंच डेस्क / महासमुंद जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला दीनदयाल कॉलोनी (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) का है, जहां अज्ञात चोरों ने रात के समय दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एलआईजी-41 निवासी व्याख्याता सुखेंद्र द्विवेदी का घर पिछले करीब 17 दिनों से बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और आलमारी व ट्रंक का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश मूर्ति, चांदी का लोटा, तीन चांदी की कटोरियां, 12 चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी पायल, चांदी का शिवलिंग व बेलपत्र, दो सोने की अंगूठियां तथा सीसीटीवी डीवीआर सहित करीब 98 हजार रुपए मूल्य का सामान ले गए। इसी कॉलोनी के पीछे रहने वाली आशा रावत के सूने मकान का भी ताला तोड़कर चोरों ने 12 हजार रुपए नकद और एक कान का टप्स चोरी कर लिया।बताया जा रहा है कि चोरों ने कॉलोनी के कई घरों की रेकी भी की थी। घटना से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें चार संदिग्ध युवक सिर पर गमछा बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वे घरों के बाहर टॉर्च जलाकर झांकते नजर आ रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने व्याख्याता सुखेंद्र द्विवेदी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे प्रार्थी द्वारा अभी तक औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

