


न्यूज मंच डेस्क /महासमुंद/ जिले की पुरातात्विक नगरी सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” के तहत विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर से जुड़े मुख्य आयोजन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।कार्यक्रम में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी द्वारा गंधेश्वर महादेव शिवलिंग की पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक के साथ हुई। इसके बाद कलाकारों ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। अपने संबोधन में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सनातन संस्कृति, आस्था और आत्मगौरव का प्रतीक है, जिसने हजार वर्षों के संघर्ष के बाद भी अपनी पहचान कायम रखी है। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि 8 मई से 11 मई तक देशभर के शिव मंदिरों में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। सांसद ने कहा कि सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला ज्योतिर्लिंग है और भारतीय संस्कृति की अमर चेतना का प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रम के अंत में सोमनाथ से प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण भी दिखाया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

