




महासमुंद, 15 फरवरी 2026/ राष्ट्रीय राजमार्ग 353 स्थित ग्राम खरोरा के शहीद स्मारक परिसर में शनिवार को हुए Pulwama attack में वीरगति को प्राप्त अमर जवानों की स्मृति में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद, महासमुंद द्वारा सायं 4 बजे किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, मातृ शक्ति, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष युवराज चंद्राकर ने की, जबकि नारी शक्ति की अध्यक्षा श्रीमती अंजना चंद्राकर की गरिमामयी उपस्थिति में सभा का शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम उपस्थित जनों ने शहीदों के चित्र पर पुष्पार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन एवं दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई। अपने उद्बोधन में युवराज चंद्राकर ने कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान राष्ट्र की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च त्याग का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाएं।
नारी शक्ति अध्यक्षा श्रीमती अंजना चंद्राकर ने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मातृ शक्ति को अपने वीर पुत्रों के बलिदान पर गर्व है और पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है।
सभा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अत्यंत भावुक, गरिमामय और देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थित जनों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

