




18 फरवरी 2026/ महासमुंद/मनरेगा का नाम “वी बी जी राम जी” किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत महासमुंद में कलेक्टोरेट का घेराव किया। एआईसीसी सचिव व छत्तीसगढ़ प्रदेश के सह प्रभारी विजय जांगिड, मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रदेश प्रभारी व खरसिया विधायक उमेश पटेल सहित जिले के दोनों विधायक, जिला अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। रैली के दौरान कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलेक्टोरेट पहुंचने पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। कांग्रेस भवन में सभा के बाद “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टोरेट पहुंची। यहां पहले बैरिकेड पर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी झूमाझटकी हुई। धक्का-मुक्की के दौरान कुछ पुलिस जवान गिर पड़े, जिन्हें युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाया और उनका डंडा भी उन्हें थमाया। प्रदर्शनकारियों ने दूसरे बैरिकेड के पास कुछ देर नारेबाजी की और बाद में एसडीएम महासमुंद को ज्ञापन सौंपा। विजय जांगिड ने आरोप लगाया कि योजना का नाम बदलकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सौ दिन रोजगार की गारंटी दी थी, जिसे अब स्कीम में बदल दिया गया है। वहीं उमेश पटेल ने कहा कि मनरेगा कानून में किए गए बदलाव योजना को समाप्त करने की साजिश हैं और यह गरीबों व मजदूरों पर कुठाराघात है। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। जिले के चारों एसडीओपी, सभी थाना प्रभारी सहित लगभग 230 जवान तैनात किए गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

