




20 फरवरी 2026/महासमुंद जिले में किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। करोड़ों रुपये के बकाया भुगतान को लेकर सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर रायपुर कूच करने का प्रयास किया। रैली को बेलसोण्डा के पास रोके जाने के बाद किसान राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर ही धरने पर बैठ गए और करीब आधे घंटे तक चक्काजाम किया। कृषि विभाग और पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में बात नहीं बनी। बाद में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिए जाने पर किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया।किसानों का आरोप है कि रबी सीजन 2024–25 में तेलंगाना की कावेरी बीज कंपनी ने उनकी जमीन लीज पर लेकर बीज उत्पादन कराया, मजदूरों से काम कराया और मशीनरी का उपयोग किया, लेकिन अब तक न तो मेहनताना दिया गया और न ही लीज की राशि का भुगतान किया गया।
किसानों के अनुसार 133 किसानों का कुल बकाया ₹3,23,26,388 है। जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक 2 प्रतिशत मासिक ब्याज जोड़ने पर यह राशि बढ़कर ₹3,74,98,610 हो चुकी है। किसानों की मांग है कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और जल्द से जल्द पूरा भुगतान कराया जाए। वहीं कृषि विभाग के उप संचालक का कहना है कि जांच में मामला सही पाया गया है और शीघ्र भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

