20250801 19502220250801 195022

IMG 20250131 WA0001

IMG 20250718 WA0002

IMG 20250717 WA0000

01 अगस्त 2025/ महासमुंद/ भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला अंतर्गत जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन जिला पंचायत में किया गया। इस अवसर पर आयोजित आकांक्षा हाट का शुभारंभ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा जिला पंचायत परिसर में फीता काटकर किया गया। शुभारम्भ अवसर पर महासमुंद जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, बागबाहरा जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर एवं ऊषा धृतलहरे, श्रीमती दिलेश्वरी निराला, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, प्रकाश वर्मा, महेन्द्र सिक्का, अन्य जनप्रतिनिधि , कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक एवं अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू मौजूद थे।
समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नीति आयोग का मूल स्वरूप वर्ष 2015 में तैयार किया गया था, किंतु इसे वास्तविक रूप से 2020 में अस्तित्व में लाया गया। इसका उद्देश्य शासन एवं प्रशासन के समन्वय से सभी क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित करना है। केन्द्र सरकार द्वारा विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देशभर में कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देश के 112 जिलों एवं 500 विकासखंडों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की यह पहल प्रत्येक वर्ग एवं प्रत्येक क्षेत्र के समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आंगनबाड़ी , स्वास्थ्य , महिला सशक्तिकरण जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापक विकास हो रहा है। बच्चों के जन्म से लेकर टीकाकरण तक तथा महिलाओं के पोषण, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता तक सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के रूप में पिथौरा विकासखण्ड का चयन किया गया था। जिससे जिले में विकास का द्वार खुला है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, टीकाकरण आदि में बेहतर प्रदर्शन किया गया हैं। उन्होंने जिले को सिल्वर मेडल चयन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर विधायक ने नारी सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार की संयुक्त पहल से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। इस क्रम में आकांक्षा हाट जैसे आयोजन जिनके माध्यम से महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इन प्रयासों में भागीदार बनें एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहयोग करें।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल ने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड के तहत बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शासन एवं प्रशासन को बधाई दी। साथ ही कहा कि स्थानीय उत्पाद के विक्रय के लिए यह अच्छा अवसर है, आयोजन वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस हाट में सम्मिलित होकर स्थानीय उत्पादों की खरीदी करें और महिला समूहों को प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के प्रतिवेदन में बताया गया कि पिथौरा ब्लॉक में 6 संकेतांक में से 5 संकेतांकों को पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें 30 वर्ष से अधिक सभी नागरिकों की डायबिटीज और हाइपरटेशन की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत एएनसी जांच, महिला बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार का वितरण एवं स्वॉयल हेल्थ कार्ड के माध्यम से कार्ड जनरेट करना शामिल है। इसके अलावा माध्यमिक स्तर के सभी स्कूलों में बिजली व्यवस्था एवं सबसे महत्वपूर्ण 9 से 11 महीने के सभी बच्चों को जीवन रक्षक टीके दिए गए। यह आंकड़े जुलाई से सितम्बर 2024 तक शामिल है।

जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ सहित मैदानी अमले सहित कर्मचारी सम्मानित

सम्मान समारोह में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए आकांक्षी जिला के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के सीईओ एस. आलोक को सम्मानित किया गया। साथ ही जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रप्रकाश मनहर को सिल्वर मेडल से नवाजा गया। इसके अलावा आकांक्षी विकासखण्ड के फेलो वैभवी मोयल, कृषि उप संचालक एफ.आर. कश्यप सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला बाल विकास के 60 अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

एक सप्ताह तक चलेगा आकांक्षा हाट, 13 स्टॉल लगाए गए

स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को उनके उत्पादों के विपणन हेतु अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में आकांक्षा हाट का यह आयोजन एक सप्ताह तक होगा। आयोजित आकांक्षा हाट में जिले की 39 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों तथा सामग्री की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए 13 स्टॉल लगाए गए हैं। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों में महिला समूहों के उत्पादों का बारीकी से अवलोकन कर महिला समूहों की दीदियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सेल्फी भी ली। इस आयोजन का उद्देश्य इन महिला समूहों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने हाट से कई सामग्री क्रय किया एवं उनके उत्पादों को सराहा। जिले की 39 महिला समूहों द्वारा निर्मित खाद्य पदार्थ जैसे छत्तीसगढी व्यंजन, मिठाई, गर्म नाश्ता, अचार, बड़ी, पापड़ व टेराकोटा, बांस उत्पाद, राखी, पारंपरिक परिधान, पूजा सामग्री, सजावटी सामग्र्री, एलईडी बल्ब, साबुन, फिनाइल, डिशवॉश, मच्छर अगरबत्ती, झाड़ू, चटाई, दोना-पत्तल, जैविक खाद एवं अन्य स्थानीय उत्पाद नागरिकों के लिए उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)