




9 मार्च 2026/महासमुंद/ जिले में अब बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना भारी पड़ सकता है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट से होने वाली मौतों को रोकने के लिए जिला पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। शहर में लगे सीसीटीवी और आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों के माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों की पहचान कर ई-चालान जारी किया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन 73 दोपहिया चालकों का ई-चालान काटा गया। जानकारी के अनुसार महासमुंद शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर करीब 30 सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक 360 डिग्री आईटीएमएस कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर स्वतः ई-चालान जारी किया जाएगा, जो सीधे वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में मौतें सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हो रही हैं। वर्ष 2024 और 2025 में हुई 476 सड़क दुर्घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 297 लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं वर्ष 2026 के पहले दो महीनों में 37 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 20 लोगों की जान हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर पर चोट लगने से गई।
पुलिस के मुताबिक हेलमेट नहीं पहनकर वाहन चलाने पर 500 रुपये का चालान किया जाएगा। यदि कोई चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।

