




खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच महिला शिक्षकों का हुआ सम्मान, प्राचार्य आरके तिवारी ने दिया सशक्तिकरण का संदेश
9 मार्च 2026/महासमुंद/ महर्षि विद्या मंदिर मचेवा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य आरके तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत प्राचार्य और शिक्षकों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य आरके तिवारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं का सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिला शक्ति के सम्मान और उनके योगदान को सराहा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। महिला शिक्षकों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में पासिंग द बॉल में श्रीमती उषा साहू, बिल्डिंग ब्लॉक प्रतियोगिता में कुमारी उमेश्वरी साहू तथा दम शरारत प्रतियोगिता में श्रीमती वर्षा सोनी और श्रीमती किरण पंकज विजेता रहीं ।कार्यक्रम का सफल संचालन और व्यवस्था गोविंद सिंह ठाकुर, नंदकुमार साहू, सुभाष पांडे और संदीप शर्मा द्वारा की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर महिला शक्ति के सम्मान और उनके योगदान की सराहना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

