IMG 20260309 WA0010IMG 20260309 WA0010

IMG 20250131 WA0001

IMG 20250718 WA0002

WhatsApp Image 2025 10 30 at 7.51.09 AM

IMG 20260129 WA0002(1)

IMG 20250717 WA0000

9 मार्च 2026/ महासमुंद/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय शंकराचार्य भवन में “हम हैं शक्ति, हम हैं नारी” थीम पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य विजयलक्ष्मी जांगड़े, पार्षद पीयूष साहू, चंद्रशेखर बेलदार, ईश्वरी भोई, रमेश साहू, महेंद्र सिक्का, संदीप घोष, साजन यादव और धर्मेन्द्र महोबिया सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। अपने संबोधन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि भारत में महिलाओं को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखा गया है और छत्तीसगढ़ को “महतारी” कहा जाता है। उन्होंने बताया कि 1955 में छत्तीसगढ़ से मिनीमाता लोकसभा की पहली महिला सदस्य बनी थीं, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज पंचायतों में 50 प्रतिशत महिलाओं का नेतृत्व है और महासमुंद जनपद की 25 में से 19 सीटों पर महिलाएं निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की जड़ के समान हैं, जो अपने त्याग और समर्पण से परिवार और समाज को मजबूत बनाती हैं। आज महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए रानी दुर्गावती योजना का उल्लेख किया, जिसके तहत बेटी के 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। आजीविका मिशन के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और कई महिलाएं लखपति दीदी बनकर नई पहचान बना रही हैं।

नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। सक्षम योजना के माध्यम से महिलाओं को ऋण की सुविधा मिल रही है। साथ ही महासमुंद में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नर्सिंग कॉलेज भी खोला जाएगा।

कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए सरकार अनेक योजनाएं संचालित कर रही है और उन्हें एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. अभिलाषा ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर जांच और वैक्सीन लगवाने की अपील की।

इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, शिक्षा, पंचायत, वन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 100 से अधिक महिला अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बस्तर में आयोजित मुख्यमंत्री महतारी वंदन वृहद सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!

2024 © Website Owned & Copyright by newsmanch.co.in | Themeansar | This Portal is Developed by Saurabh Prasad (Currently Working as a Freelancer & Associate Project Engineer at IIT Guwahati)