




12 मार्च 2026/महासमुंद/ क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बिजली से जुड़ी समस्याओं से राहत की बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने बुनियादी विद्युत ढांचे को मजबूत करते हुए आमाकोनी 33/11 केवी सबस्टेशन की क्षमता में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की है। इससे क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति अब पहले से अधिक सुचारु और स्थिर हो सकेगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सबस्टेशन में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है। लंबे समय से बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए यह अपग्रेडेशन किया गया है, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार इस क्षमता वृद्धि से क्षेत्र में बार-बार होने वाली ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। खासकर खेती के सीजन में किसानों को पंप चलाने में आने वाली ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की परेशानी भी अब दूर हो सकेगी। इस दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अधीक्षण अभियंता वाई.के. मनहर, कार्यपालन अभियंता पी.आर. वर्मा, एसटीएम कार्यपालन यंत्री आर.के. चौहान और प्रोजेक्ट कार्यपालन यंत्री महेश नायक प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान विभागीय कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे और इस पहल की सराहना की। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए आगे भी इस तरह के बुनियादी सुधार कार्य लगातार किए जाएंगे।

