




14 मार्च 2026/महासमुंद/ नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी जल संसाधनों के दुरुपयोग और संभावित आर्थिक अनियमितता का मामला सामने आया है। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने आरोप लगाया है कि बीटीआई रोड पर नाली और सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा नगर पालिका के बोर से अवैध रूप से पानी का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना पर मौके पर पहुंचकर पकड़ा टैंकर
उपाध्यक्ष राठी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से राजामठ गेट (भलेसर रोड) स्थित बोर से पानी चोरी की शिकायत मिल रही थी। सूचना मिलने पर वे पार्षद पीयूष साहू के साथ मौके पर पहुंचे, जहां करीब 15 हजार लीटर क्षमता का एक बड़ा टैंकर बिना अनुमति और रसीद के पानी भरते पाया गया। पूछताछ के दौरान टैंकर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस मामले को लेकर उपाध्यक्ष ने नगर पालिका अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जल प्रभारी ने फोन पर किसी भी प्रकार की रसीद कटने की जानकारी से इनकार किया, जबकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा भी संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
लाखों के राजस्व नुकसान का दावा
उपाध्यक्ष के अनुसार यह सिलसिला पिछले 4–5 महीनों से जारी है। प्रतिदिन 4 से 5 बड़े टैंकर पानी भरा जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1500 रुपये प्रति टैंकर है। इस आधार पर प्रतिदिन करीब 6000 रुपये और चार महीनों में लगभग 7 लाख रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कड़ी कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग
उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने सीएमओ से संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने, नगर पालिका अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अब तक हुए आर्थिक नुकसान की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।

