




14 मार्च 2026/महासमुंद/ खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाते हुए विकासखण्ड पिथौरा में होटल-ढाबों और गैस एजेंसी पर दबिश देकर कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर गठित जांच दल ने संयुक्त रूप से विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर अनियमितताएं पकड़ीं।
गैस एजेंसी में स्टॉक में भारी कमी
जांच के दौरान पिथौरा स्थित श्री जगन्नाथ इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में सिलेंडर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन में वास्तविक स्टॉक की तुलना में भारी कमी पाई गई। 14.2 किलोग्राम के 39 घरेलू सिलेंडर कम मिले, 5 किलोग्राम के 19 छोटे सिलेंडर कम पाए गये, 19 कॉमर्शियल सिलेंडरों की भी कमी सामने आई। स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर एजेंसी से कुल 625 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
होटल-ढाबों में घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग
जांच दल ने पिथौरा के कई प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा, जिनमें —
संतोष होटल से 6 सिलेंडर
हनुमान माखड़ी भोजनालय से 3 सिलेंडर
महाकाल चाय सेंटर से 1 सिलेंडर जब्त किया गया।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित गैस एजेंसी एवं होटल संचालकों के खिलाफ प्रकरण सक्षम न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जा रहा है।
खाद्य विभाग की अपील
विभाग ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे ईंधन के रूप में केवल कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी एवं विभाग द्वारा होटल-ढाबों और गैस एजेंसियों की नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।

