




18 मार्च 2026/ महासमुंद/ जिले में अवैध सामग्रियों और संदिग्ध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टेमरी नाका में जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 21.089 किलोग्राम चांदी के विभिन्न फैंसी आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च को स्थायी चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति सेलेरियो (क्रमांक CG 04 PY 7882) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष), निवासी बाना थाना उरला जिला रायपुर तथा वीरेन्द्र प्रधान (50 वर्ष), निवासी मठपारा थाना टिकरापारा जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे तीन बैगों में 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक 41 पैकेट चांदी के आभूषण बरामद हुए।पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने आभूषण को ओडिशा से रायपुर ले जाना बताया, लेकिन परिवहन और स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया और संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर गवाहों की उपस्थिति में जब्ती की कार्रवाई की।
जब्त संपत्ति
एक मारुति सेलेरियो कार — कीमत करीब 5 लाख रुपये
वाहन का आरसी बुक
चांदी के फैंसी आभूषण — 21.089 किलोग्राम, कीमत करीब 54.60 लाख रुपये
कुल जुमला जब्ती — लगभग 59 लाख 60 हजार रुपये।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और संदिग्ध सामग्रियों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए स्थायी एवं मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

