




18 मार्च 2026/ महासमुंद/ पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को आसान, तेज और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महासमुंद जिला पुलिस ने “संवाद” नाम से एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। यह पहल कांकेर पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क” अभियान की तर्ज पर लागू की जा रही है, जिसके तहत अब नागरिक सीधे व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे या किसी भी अवैध गतिविधि से जुड़ी गुप्त सूचना पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। जिला पुलिस द्वारा इसके लिए मोबाइल नंबर 9479229939 जारी किया गया है। इस नंबर पर Hi/Hello/नमस्ते/Help जैसे किसी भी ग्रीटिंग मैसेज भेजते ही ऑटोमेटिक चैटबॉट सक्रिय हो जाएगा और शिकायत या गुप्त सूचना देने के विकल्प उपलब्ध कराएगा।
कैसे काम करेगा “संवाद” व्हाट्सऐप चैटबॉट
चैट शुरू होते ही यूजर को दो विकल्प मिलेंगे —
अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दें
शिकायत दर्ज करें
शिकायत दर्ज करने के लिए शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की फोटो, पीडीएफ या टेक्स्ट मैसेज भेज सकते हैं। सभी दस्तावेज भेजने के बाद सिस्टम स्वतः शिकायत क्रमांक जारी करेगा, जिससे आगे की कार्यवाही की स्थिति भी व्हाट्सऐप पर ही प्राप्त की जा सकेगी।
गुप्त सूचना सीधे SP कार्यालय तक
यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब निर्माण/बिक्री, जुआ, गांजा तस्करी, नशे की दवाओं के परिवहन या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचना देना चाहता है तो वह चैटबॉट के माध्यम से स्थान, गांव, थाना और अपराध से जुड़ी जानकारी भेज सकता है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
AI आधारित वर्गीकरण और रियल-टाइम मॉनिटरिंग
“संवाद” के तहत व्हाट्सऐप चैटबॉट शिकायतों की फोटो या पीडीएफ को स्कैन कर AI तकनीक से स्वतः 10 श्रेणियों — जैसे मारपीट, महिला संबंधी अपराध, भूमि विवाद, चोरी, साइबर ठगी, सोशल मीडिया अपराध, अवैध शराब/जुआ/गांजा आदि — में वर्गीकृत करेगा और संबंधित थाना क्षेत्र को तुरंत आबंटित करेगा।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा डैशबोर्ड पर रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे शिकायतों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी।
महत्वपूर्ण नियम
एक मोबाइल नंबर से 7 दिनों में केवल एक शिकायत दर्ज की जा सकेगी।
शिकायत की अद्यतन स्थिति व्हाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि यह डिजिटल पहल पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के साथ अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

