




19 मार्च 2026/ महासमुंद/ जिला पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में नगदी रकम जब्त की गई है। थाना पटेवा पुलिस ने NH-53 रोड स्थित ग्राम जोगिडीपा के पास चेकिंग के दौरान पिथौरा की ओर से आ रही एक मारुति ग्रैंड विटारा कार (क्रमांक OD 15 AA 5080) को रोककर तलाशी ली, जिसमें 25 लाख रुपये नकद बरामद हुए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वाहन चालक ने अपना नाम मोहित आनंद (26 वर्ष), निवासी सुबकार बिल्डिंग बुधाराजा, जिला संबलपुर (उड़ीसा) बताया। कार की बीच वाली सीट पर रखे सफेद-काले चेकदार बैग की तलाशी लेने पर 500-500 रुपये के कुल 50 बंडल मिले, जिनमें प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे। इस प्रकार कुल 25 लाख रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए यह रकम लेकर जा रहा था, लेकिन नगदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने धारा 94 बी.एन.एस.एस. के तहत नोटिस जारी कर कार्रवाई करते हुए नगदी, वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 40 लाख 45 हजार 840 रुपये की संपत्ति जप्त कर ली।

