



23 दिसंबर 2025/ महासमुंद / भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर के निर्देशानुसार 28 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य प्रारंभ किया गया। इसके तहत मतदाताओं के सत्यापन एवं एसआईआर के डिजिटाइजेशन हेतु 04 नवम्बर से 18 दिसम्बर (संशोधित तिथि) के बीच बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पूर्ण किया गया। आयोग के निर्देशानुसार आज एसआईआर के तहत निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आहूत कर निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में विधानसभावार मतदाताओं की संख्या एवं इससे संबंधित जानकारी दी गई।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने बताया कि निर्वाचक नामावली के आज प्रारंभिक प्रकाशन के उपरांत प्रारंभिक सूची में सम्मिलित मतदाता दावा एवं आपत्ति 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत कर सकेंगे। दावा एवं आपत्ति में प्राप्त वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कर पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए मतदाताओं के नाम केवल एक ही स्थान पर शामिल किए जाएंगे। दावा-आपत्ति की सूची सीईओ छत्तीसगढ़ की वेबसाइट में भी अपलोड की जाएगी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा ईआरओ द्वारा नोटिस जारी करने एवं सुनवाई की समय-सीमा आज से 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी तरह मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदाताओं एवं सभी राजनीतिक दलों की सहभागिता से जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 39 सरायपाली, 40 बसना, 41 खल्लारी एवं 42 महासमुंद में कुल 7 लाख 93 हजार 722 मतदाताओं ने अपने गणना पत्र जमा करवाएं, जिनका नाम प्रारम्भिक प्रकाशन सूची में सम्मिलित हैं। इनमें 3 लाख 94 हजार 607 पुरूष मतदाता, 3 लाख 99 हजार 107 महिला मतदाता और 8 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 86 हजार 820 मतदाता, खल्लारी में 2 लाख 3 हजार 231, बसना में 2 लाख 10 हजार 657 मतदाता एवं सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 93 हजार 14 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची में दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन के पूर्व जिले में कुल 8 लाख 86 हजार 422 मतदाताओं के नाम दर्ज थे, जिनमें 4 लाख 33 हजार 59 पुरूष मतदाता, 4 लाख 53 हजार 344 महिला मतदाता तथा 19 अन्य (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिनके गणना प्रपत्र विभिन्न कारणों से अप्राप्त रहे ऐसे कुल 92 हजार 700 मतदाता है, जो कुल मतदाता का 10.46 प्रतिशत है। जिसमें 24 हजार 497 मतदाता मृत, 37 हजार 66 मतदाता स्थानांतरित व 23 हजार 149 मतदाता अनुपस्थित रहे। इसी तरह 7 हजार 359 मतदाताओं का दोहरा पंजीकरण था तथा 629 अन्य कारणों से अप्राप्त रहे साथ ही उन्होंने बताया कि युवा वोटर जो 01 जनवरी 2026 तक 18 साल हो गए हैं या हो जाएंगे, उन्हें फॉर्म 6 के साथ एनेक्सर 4 में दिए गए जरूरी घोषणा पत्र के साथ अप्लाई करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक 4000 फॉम 6 जमा किए गए है, जिसका जांच और घोषणा पत्र जमा करने के बाद नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जाएंगे। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन भूतड़ा, एसडीएम अक्षा गुप्ता सहित प्रेस कांफ्रेंस में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

