




7 फरवरी 2026/ महासमुंद/ कलेक्टर के सख्त निर्देशों के तहत जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम पीढ़ी, महासमुंद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को खनिज विभाग द्वारा जप्त कर लिया गया है। जप्त मशीन को फिलहाल थाना तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध रेत परिवहनकर्ता शातिराना अंदाज में पिछले दो दिनों से लगातार रात्रि के समय पीढ़ी क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन कर रहे थे। पीढ़ी से निकाली गई रेत को रायपुर जिले के करमंदी रेत खदान के रैंप रास्ते का उपयोग करते हुए रायपुर जिले की ओर परिवहन किया जा रहा था। पूरा अवैध कारोबार अंधेरे का फायदा उठाकर रात में संचालित किया जा रहा था। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद खनिज अमले द्वारा कार्रवाई के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर से सूचना मिलने पर बीती रात जैसे ही करमंदी रेत खदान की ओर से मशीन ने पीढ़ी महासमुंद की दिशा में प्रवेश किया, खनिज अमले ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर मशीन को जप्त कर लिया। खनिज विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में संचालित सभी अवैध रेत खदानों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वहीं खनिज अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में कहीं भी यदि खनिज के अवैध उत्खनन, अवैध उपकरण या अवैध परिवहन की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

