




22 मार्च 2026 /महासमुंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां खल्लारी मंदिर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर से दर्शन कर रोपवे के जरिए वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली का अचानक तार टूट गया, जिससे दो ट्रॉलियों में सवार और अपने नंबर का इंतजार कर रहे कुल 16 लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजकर 15 मिनट पर एक ट्रॉली में 8 श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे, जबकि दूसरी ट्रॉली में 5 श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे थे। वहीं 4 लोग नीचे अपने नंबर का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से नीचे आ रही ट्रॉली का तार अचानक टूट गया और ट्रॉली ऊंचाई से पत्थरों से टकराते हुए नीचे से कुछ दूरी ऊपर जाकर गिर गई।तार टूटने के कारण दूसरी ट्रॉली भी वापस आकर जंक्शन में टकरा गई। हादसे में रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी साहस की मौत हो गई। घायलों में 3 वर्ष के बच्चे से लेकर 65 वर्ष तक के बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें 12 रायपुर और 4 महासमुंद के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया और एहतियातन रोपवे को सील करा दिया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हादसा किन कारणों से हुआ, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

