




24 मार्च 2026/ महासमुंद/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में 22 मार्च को हुए भीषण रोपवे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल 47 वर्षीय गोविंद स्वामी ने मंगलवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह माता के दर्शन कर श्रद्धालु रोपवे ट्रॉली से नीचे लौट रहे थे। इस दौरान रायपुर के राजातालाब निवासी ऋषभ धावरे (29), छायांश धावरे (16), आयुषी धावरे (28), मानसी गोडरिया (12), नमिता स्वामी (45), अंशुमिता स्वामी (10) और गोविंद स्वामी ट्रॉली में सवार थे। कुछ दूरी तय करने के बाद अचानक रोपवे का केबल टूट गया, जिससे ट्रॉली गहरी खाई में जा गिरी। वहीं दूसरी ट्रॉली भी स्टेशन से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 16 श्रद्धालु घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी घायलों को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान पाटन आत्मानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षिका आयुषी धावरे की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब मंगलवार रात करीब 9 बजे गोविंद स्वामी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नमिता स्वामी और उनकी बेटी अंशुमिता स्वामी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा हादसे की जांच की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

