



15 नवंबर 2025/ महासमुंद/ 28 वीं ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 2025 का आयोजन वन विभाग द्वारा दिनांक 12 से 16 नवम्बर 2025 तक देहरादून उत्तराखंड में आयोजित किया गया। जिसमें बागबाहरा जिला महासमुंद के पिरीत राम साहू ने छत्तीसगढ़ के दल में शामिल होने के साथ ही पुरुष वर्ग ओपन कैटेगरी में 30 मीटर दूरी में कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल किया। छात्रावास अधीक्षक डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि पिरीत बागबाहरा के एक छोटे से कस्बे में बहुत सीमित संसाधनों और विभिन्न समस्याओं से जूझते हुए तीरंदाजी के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि छत्तीसगढ़ शासन के वन विभाग के विभागीय प्रतियोगिता में प्राप्त की है। जिला तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में लगातार लगभग 10 वर्षों से अभ्यास कर रहे पिरीत राम साहू ने स्थानीय कृष्ण अग्रवाल सेवा केंद्र बिहाझर में रहते हुए अपने अध्ययन के साथ-साथ तीरंदाजी खेल को अपने जीवन मे शामिल किया और शालेय तथा महाविद्यालय स्तर पर सफलताएं अर्जित की। उनकी इन सफलताओं ने खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद का ध्यान अपनी ओर खींचा और हर सम्भव सहायता खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से प्राप्त हुई और अब पिरीत राम वन विभाग में अपनी सेवाएं देते हुए विभाग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने में सफलता प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। कांस्य पदक जीतने पर खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद मनोज धृतलहरे, जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव एवन कुमार साहू, कोषाध्यक्ष अरविंद छाबड़ा, हॉस्टल अधीक्षक डॉ. पूर्णेन्द्र चंद्राकर, सोमनाथ साहू, व्यायाम शिक्षक ऋषि कपूर साहू, हिरेन्द्र देवांगन, डॉ. सुनील कुमार भोई, रिंकल बग्गा, संजय पैकरा, मुकेश वेगड़, पद्मा साहू, चांदनी साहू, नवलीन कौर, संजय सोनवानी, नरेश साहू, जया साह एवं बाल आश्रम के स्टॉफ एवं खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

