




8 फरवरी 2026/ महासमुंद / “स्वच्छता ही सेवा… यही है संकल्प” के संदेश के साथ अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद महासमुंद के तत्वावधान में शहीद स्मारक स्थल के समीप स्थित बंधवा एवं टमकी तालाब के घाटों पर व्यापक तालाब स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक ग्राम खरोरा, महासमुंद में संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य जलस्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष युवराज सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान में प्रदीप चंद्राकर, कनक राम निषाद , लक्ष्मी चन्द, रविन्द्र नायक, बंशी लाल सिन्हा, बी. पी. वर्मा तथा सैनिक परिवार से श्रीमती अंजना चंद्राकर सहित अनेक सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। स्वच्छता अभियान में तालाबों के घाटों पर जमा कचरे एवं प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छ जलस्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। उपस्थित जनों ने आम नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की। इस अभियान में निम्न संगठनों ने सहभागिता दी । इंडियन मेडिकल संघ, महासमुंद; हमर भुइयां, महासमुंद; ग्राम पंचायत खरोरा; पर्यावरण संरक्षक ग्राम खरोरा; संस्था स्वान महासमुंद; भूतपूर्व सैनिक संघ महासमुंद; ग्रीन आर्मी महासमुंद; आस्था संस्था महासमुंद; बास्केटबाल संघ महासमुंद; महावीर इंटरनेशनल महासमुंद; द कैडेट क्लब महासमुंद। अंत में आयोजकों ने सभी सहभागी संगठनों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

