




16 फरवरी 2026/ महासमुंद/ माध्यमिक शिक्षा मंडल, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। महासमुंद जिले में इस वर्ष कुल 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आज जिला मुख्यालय स्थित समन्वय केंद्र स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी शासकीय आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल में गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। जिले के सभी केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष यहां पहुंचे और आवश्यक सामग्री प्राप्त की। इस वर्ष जिले में कुल 23 हजार 563 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1889 अधिक हैं। जिले में कुल 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2 हाईस्कूल एवं 113 हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
समन्वय केंद्र से वितरित की जा रही सामग्री में –
उपस्थिति पत्रक
मार्कशीट
अभिरक्षा पंजी क्रमांक 1 एवं 2
चेकलिस्ट क्रमांक 1 एवं 2
चेतावनी पोस्टर
महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
परीक्षा टाइम टेबल
सीलबंद प्रश्न पत्र
परीक्षा प्रभारी एन.के. सिन्हा ने बताया कि गोपनीय सामग्री को जिले के 115 केंद्रों से संबंधित 15 थानों एवं चौकियों में जमा कराया जाएगा। पुलिस सुरक्षा में 13 बसों के माध्यम से सामग्री संबंधित थानों तक पहुंचाई जाएगी। इस वर्ष 10वीं के 12 हजार 839 एवं 12वीं के 10 हजार 724 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला स्तर पर 5 उड़नदस्ता दल और तहसील स्तर पर भी 5 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में चार-चार कर्मचारी रहेंगे, जो परीक्षा के दौरान सतत निगरानी करेंगे।
गौरतलब है कि इस वर्ष परीक्षाएं पिछले वर्ष की तुलना में दस दिन पहले प्रारंभ की जा रही हैं।

