




29 मार्च 2026/ रायपुर/ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की 102वीं बैठक कुलपति सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. (डॉ) सच्चिदानंद शुक्ला ने की। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार पटेल सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में प्रमुख रूप से प्रो. (डॉ) अनुसुइया अग्रवाल (डी.लिट., प्राचार्य, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, महासमुंद), पुरंदर मिश्रा (विधायक रायपुर), प्रो. (डॉ) निनाद बोधनकर, प्रो. (डॉ) अशोक कुमार प्रधान, प्रो. (डॉ) आर. ब्रम्हे, प्रो. (डॉ) विनीता अग्रवाल, प्रो. (डॉ) एम.के. देब, डॉ. कमलेश ठोकने एवं प्रो. (डॉ) सनत कुमार वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में 18 फरवरी 2026 को आयोजित पिछली कार्य परिषद की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि करते हुए पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित आय-व्यय बजट को परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर विचारोपरांत वर्ष 2025-26 के बजट में पुनर्नियोजन को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा पंडित सुंदरलाल शर्मा ग्रंथागार में क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी 248 पुस्तकों के अपलेखन का प्रस्ताव रखा गया, जिसकी कुल राशि 57,771 रुपए निर्धारित की गई। इस प्रस्ताव को भी परिषद द्वारा अनुमोदित किया गया। बैठक में ग्रंथागार समिति में कार्य परिषद की ओर से दो नए सदस्यों के मनोनयन का निर्णय लिया गया। वहीं शासकीय महाविद्यालय राजिम को राजनीति शास्त्र विषय में शोध केंद्र के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया। इस प्रकार विश्वविद्यालय, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों से जुड़े विभिन्न अहम विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय कार्य परिषद की बैठक में लिए गए।

