




31 मार्च 2026/ महासमुंद/ ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने खट्टी सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की है। कार्यपालन अभियंता पी.आर. वर्मा के अनुसार 33/11 केवी खट्टी सबस्टेशन के ट्रांसफार्मर की क्षमता को 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए कर दिया गया है। इससे पहले आमाकोनी सब स्टेशन में भी क्षमता वृद्धि की जा चुकी है। अब खट्टी सबस्टेशन के अपग्रेडेशन से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
बढ़ती मांग को देखते हुए लिया गया निर्णय
क्षेत्र में कृषि और घरेलू उपयोग के लिए बिजली की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह विस्तार किया गया है। क्षमता वृद्धि के बाद सबस्टेशन की भार वहन क्षमता बढ़ गई है, जिससे लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
*इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ*
इस क्षमता विस्तार का लाभ खट्टी सहित आसपास के 12 से अधिक गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा। इनमें प्रमुख रूप से हिच्चा, पोटिया, जीवनगढ़, पेंड्रा, तुसदा, डुमरपाली, लभराकला, परसदा, धरमपुर, बिजराडीह, अमेठी, खट्टी, कोना और फुलझर शामिल हैं।
*लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग से राहत*
विद्युत विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में विशेषकर कृषि सीजन के दौरान लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती थी। अब ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ने से फीडरों पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए और ग्रामीणों को घरेलू उपयोग हेतु स्थिर वोल्टेज पर बिजली उपलब्ध होगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरा किया गया है। विभाग का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली पहुंचाना है। इस पहल का स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने स्वागत किया है, जिससे आगामी फसल सीजन में सिंचाई कार्य में आसानी होगी।

