




08 अप्रैल 2026/महासमुंद पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दस महीने से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अमूल्य कुमार बिश्नोई (48 वर्ष) निवासी सुनाबेड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला 22 जुलाई 2025 का है, जब आरोपी अपनी कार (क्रमांक OR07Z0093) में लगभग 190 किलोग्राम गांजा की तस्करी कर रहा था। इसी दौरान थाना खल्लारी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी वाहन और गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। इस मामले में थाना खल्लारी में आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20(ख) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125(A), 125(B) एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पिछले दस महीनों से आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर और अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था।महासमुंद साइबर थाना की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर ओडिशा के सुनाबेड़ा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 7 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना खल्लारी और साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

