




08 अप्रैल 2026/ महासमुंद/ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद के निर्देश पर चौकी भंवरपुर थाना बसना पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी सहित कुल 1,36,300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
क्या है पूरा मामला
07 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर नीम पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर टीम के साथ मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान 9 जुआरियों को रंगे हाथ जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपी संतपाली और बरतियां भाठा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
जप्त सामग्री
पुलिस ने मौके से
12,300 रुपये नगद
08 मोबाइल फोन (कीमत 30,000 रुपये)
06 पुरानी मोटरसाइकिल (कीमत 94,000 रुपये)
52 पत्ती ताश एवं अन्य सामग्री जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1,36,300 रुपये आंकी गई है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

