




09 अप्रैल 2026/ जिला महासमुंद के थाना सिंघोडा पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 312.590 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई NH-53 रोड पर ग्राम रेहटीखोल के पास की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक लाल रंग के टाटा 1916 FE वाहन (KA 13 D 7710) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर फैक्ट्री के लिए ले जा रहे केमिकल के नीचे छुपाकर रखे 15 प्लास्टिक बोरियों में भरा भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज खान (48 वर्ष) निवासी मैसुर, कर्नाटक एवं रवि प्रकाश राउतकर (45 वर्ष) निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को सोनपुर ओडिशा से मुम्बई महाराष्ट्र ले जाना स्वीकार किया। बरामद गांजा की कुल मात्रा 312.590 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोडा में धारा 20(B)(ii)(C) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई में सिंघोडा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

